प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री ही अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करेंगे तो अन्य नेताओं को कौन रोकेगा? प्रधानमंत्री के पद की अपनी मर्यादा होती है। नरेंद्र मोदी अपनी बातों से इसका बार-बार उल्लंघन कर रहे हैं। यही कारण है कि उनके वजीर भी मर्यादा की सीमा रेखा को पार कर रहे हैं।
नगर विकास मंत्री आजम खां ने शनिवार को बी अम्मा शापिंग कांप्लेक्स के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लोगों ने से अपील की कि वो सांप्रदायिक ताकतों के बहकावे में नहीं आएं। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से लालू यादव की बेटी पर टिप्पणी करने और लालू, नीतिश और सोनिया गांधी को थ्री इडियट कहने पर निशाना साधा।
कहा कि ऐसी भाषा उन्हें शोभा नहीं देती। आजम ने कहा कि मेरा तो सरहद पार से कोई रिश्ता नहीं है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मां को मलीहाबादी आम और शॉल मोदी ने भेंट किए। हमनें नहीं, फिर भी वो देशभक्त हैं। आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि आरएसएस देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है।
लव जिहाद और बीफ के बाद अब मुसलमानों की आबादी को लेकर बहस छेड़ दी है। कहा कि मुसलमानों को शिक्षित करो आबादी की रफ्तार अपने आप थम जाएगी। नगर विकास मंत्री आजम खां ने शनिवार को कोतवाली के निकट नया सवेरा नगर विकास योजना के तहत बने बी अम्मा शॉपिंग कांप्लेक्स का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि इस शापिंग कांप्लेक्स में उपेक्षित और नाइंसाफी के शिकार लोगों को दुकानें दी जाएंगी। नवाब खानदान पर निशाना साधते हुए कहा कि नवाबों ने अंग्रेजों के साथ मिलकर देश की आजादी में बाधा पहुंचाई। शहर की तरक्की, विकास और रोजगार के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि मार्केट में दुकानें उनको दी जाएंगी, जोकि कोतवाली की दीवार के साथ खोखे लगाए बैठे हैं। पालिका चेयरमैन को दीपावली से पहले दुकानों के आवंटन के लिए कहा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कुछ लोग बी अम्मा शॉपिंग कांप्लेक्स, टीपू सुल्तान मार्केट और महात्मा गांधी मॉल को तोड़ने की बात कह कर खुश हो रहे हैं।
उन्हें समझना चाहिए कि ये आजम खां की नहीं, बल्कि सरकार की मार्केट हैं। इस दौरान पालिका चेयरमैन अजहर अहमद खां, डीएम राकेश कुमार सिंह, एसपी साधना गोस्वामी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आरपी सिंह, बीएसए एसके तिवारी, डीसीबी चेयरमैन सलीम कासिम, सपा नगर अध्यक्ष आसिम राजा, अब्दुल्ला आजम खां, एके वर्मा रहे।
प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित कैबिनेट विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद न होने के सवाल पर कहा कि उनकी मजबूरी थी। बी अम्मा कांप्लेक्स के उद्घाटन की तिथि पहले से तय थी। शनिवार को वो जनता दरबार लगाते हैं और उद्घाटन भी पहले तय था।
पहले से तय कार्यक्रमों की वजह से वो शनिवार को होने वाले कैबिनेट विस्तार के कार्यक्रम में शिरकत नहीं कर सके। इसकी दूसरी और कोई वजह नहीं है। गौरतलब है कि लखनऊ में आयोजित कैबिनेट विस्तार व शपथ ग्रहण समारोह में आजम खां के मौजूद ना होने पर कई तरह से सवाल उठाए जा रहे हैं। इसको लेकर अलग-अलग वजह भी बता रहे हैं।