रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने सपा नेता आजम खां को अदालत से जमानत मिलने पर स्पष्ट किया कि यह केवल अंतरिम राहत है। उनके खिलाफ चल रही कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। सक्सेना ने कहा कि वह कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं। आगे की कार्यवाही मजबूती से जारी रखेंगे।
विधायक ने कहा, अभी आजम को बेल मिली है, वह बरी नहीं हुए हैं। कहा कि उन्होंने मुकदमों की पैरवी बहुत मजबूती से की है और आगे भी यह जारी रहेगी। ईश्वर उनके साथ है, इसलिए पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।
सक्सेना ने आरोप लगाया कि आजम खां ने दलित, पिछड़े और गरीब मुसलमानों के साथ अपराध किए हैं। वह पीड़ितों के साथ खड़े हैं और उन्हें इंसाफ दिलाकर ही दम लेंगे। रामपुर की जनता ने आजम खां को नकार दिया है। उनके नहीं होने से रामपुर की जनता बहुत खुश है।
चाहें आजम किसी भी पार्टी में रहें, लड़ाई जारी रहेगी
बसपा में शामिल होने की खबरों पर विधायक ने कहा, चाहे आजम खां सपा में रहें या बसपा के साथ जाएं, अन्याय के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। भविष्य में भी जो कोर्ट का फैसला आएगा, हम उसका सम्मान करेंगे।