रामपुर में रविवार को मोहल्ला चौकी हजियानी में तैनात पुलिस अधिकारियों से बात करते लोग।
चौकी हजियानी में कुएं को पाटकर उसकी चहारदीवारी करने का मामला अभी ठंडा होता नजर नहीं आ रहा है। रविवार की सुबह मोहल्ले की महिलाएं कुएं की पूजा करने पहुंची। इस पर मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इसको लेकर कुछ देर हंगामा भी हुआ।
इस दौरान पुलिस ने मसले का हल नहीं होने तक यथा स्थिति बनाए रखने की बात कही। साथ ही लोगों को वहां से भगा दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौकी हजियानी में कुएं को लेकर शनिवार को दो समुदायों के दोनों पक्षों के बीच बवाल हो गया था। घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में अफसरों ने पहुंचकर यहां कराए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया था।
साथ ही फोर्स भी तैनात कर दी थी। दरअसल, यहां पर यह कुआं सालों से है। अफसरों व एक समुदाय की मानें तो जिस जमीन पर कुआं हैं वह वक्फ की जमीन पर है। अल्पसंख्यक विभाग वक्फ की इस जमीन पर चहारदीवारी करा रहा है। इसको लेकर विवाद हो चुका है। शनिवार को हुए बवाल के बाद मोहल्ले में अभी भी तनाव बना हुआ है। रविवार को एक समुदाय की महिलाएं कुएं पर पूजा करने पहुंच गईं। यहां पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पूजा करने से रोक दिया। इसको लेकर महिलाओं और पुलिसकर्मियों के तीखी नोकझोंक भी हुई।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी भी यहां पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से साफ कहा कि जब तक मसले का हल नहीं होता तब तक यहां यथा स्थिति बनी रहेगी। कुछ देर के बाद महिलाएं चली गईं। इस बीच वार्ता की भी कोशिश हुई, लेकिन फिलहाल वार्ता की कोशिशें नाकाम हो चुकी हैं। दिन भर यहां फोर्स तैनात रही। शहर कोतवाली प्रभारी पूरे समय यहां पर तैनात रहे। बाजार खुला रहा, लेकिन तनाव अभी जारी है।