टांडा। टांडा-मुरादाबाद मुख्य मार्ग पर बीएसएनएल एक्सचेंज के समीप स्थित सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास की सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आ गया। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग की टीम ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। बताया कि बादली क्षेत्र में सरकारी भूमि पर निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलते ही एसडीएम विकास कुमार वर्मा ने नायब तहसीलदार विश्वास दीक्षित और लेखपाल अरुण कुमार को मौके पर भेजा। अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य तत्काल बंद करा दिया। राजस्व विभाग की टीम ने भूमि की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।