केमरी। थाना क्षेत्र में पति की दूसरी शादी का विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट और डीजल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसपी से न्याय की गुहार लगाई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किरन की शादी 13 फरवरी 2018 को रामनगरिया गांव निवासी प्रेमपाल से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। किरन का आरोप है कि पति प्रेमपाल ने दूसरी शादी कर ली, जिसकी जानकारी मिलने पर उसे शादी के फोटो और इकरारनामा भी मिला।
29 अप्रैल 2026 को दूसरी शादी का विरोध करने पर पति प्रेमपाल, सास शांति देवी, ससुर सुंदरलाल, देवर महेंद्र व सतीश, ननद शीला और पूनम कुशवाह ने उससे मारपीट व गाली-गलौज की। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे घर में रखने से इन्कार कर दिया और डीजल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की।
वह किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर मायके पहुंची, जहां से संपर्क करने पर भी ससुराल पक्ष ने उसे जान से मारने की धमकी दी। अब वह अपने तीनों बच्चों के साथ मायके में रह रही है। सीओ राजवीर सिंह परिहार ने बताया कि एसपी के आदेश पर केमरी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद