रामपुर। कलक्ट्रेट में तैनात एक कर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कलक्ट्रेट परिसर को अगले 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब डीएम आवास से लेकर कलक्ट्रेट कर्मियों तक में लगातार कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो रही है। कुछ दिनों पूर्व कलक्ट्रेट में तैनात वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था। आननफानन में कलक्ट्रेट परिसर के साथ ही कचहरी और पुलिस कार्यालय तक को सील कर दिया गया। इसके बाद सैनेटाइजेशन किया गया। इस दौरान अन्य कलक्ट्रेट कर्मियों और डीएम आवास पर कार्यरत कर्मियों के सैंपल जांच को भेजे गए। इनमें भी तीन कलक्ट्रेट कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद अब सोमवार को एक और कलक्ट्रेट कर्मी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। पूर्व में कलक्ट्रेट कर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर 24 घंटे के लिए कलक्ट्रेट परिसर को सील कर दिया गया था। इसके बाद रविवार के कारण कलक्ट्रेट बंद रहा, सोमवार से कलक्ट्रेट खुलना था लेकिन, इस दौरान एक और कलक्ट्रेट कर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के कारण कलक्ट्रेट परिसर को अगले 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि कलक्ट्रेट कर्मी की जिला अस्पताल में ट्रू नेट मशीन से जांच की गई थी। जिसमें वो कोरोना संक्रमित पाया गया है। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि एक और कलक्ट्रेट कर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के कारण कलक्ट्रेट परिसर को 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया है।