शाहबाद। तहसील गेट के सामने स्थित तालाब की भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व टीम से एक महिला ने अभद्रता की थी। आरोप है कि उसने सरकारी काम में बाधा डाली थी। लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
लेखपाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहसील के सामने गैर आबाद बिचपुरी शुक्ल गांव में तालाब की भूमि है। पूर्व में शिकायत मिलने पर टीम ने जेसीबी से अवैध कब्जा हटवाया था।
आरोप है कि मोहल्ला फर्राशान निवासी राम सिंह की पत्नी संजू यादव ने तालाब की भूमि पर तीन मंजिला मकान बना लिया है। तहसीलदार न्यायालय में वाद दर्ज कराया गया था।
आरोप है कि महिला ने फिर दीवार व स्टील ग्रिल लगाकर कब्जा कर लिया। बृहस्पतिवार को टीम कब्जा हटाने पहुंची तो संजू यादव जेसीबी के आगे खड़ी हो गईं और सरकारी अभिलेख फाड़ने की कोशिश करने लगी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।