रामपुर। मोहल्ला बेरियान में समीर काइट क्लब द्वारा पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के बाद श्रेष्ठ पतंगबाजों को पुरस्कृत किया गया। क्लब चेयरमैन शाहनवाज खान ने बताया कि एक माह तक चली प्रतियोगिता में अमीर काइट क्लब ने पहला और शादाब काइट क्लब ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में अमीर मियां निर्णायक की भूमिका में रहे।
प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. तनवीर अहमद ने कहा कि पतंगबाजी से शारीरिक कसरत होती है और साथ ही यह आंखों के लिए भी फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि हमें किसी भी खेल को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए ताकि हमारा दिमागी तनाव कम हो और हम पूरी तरह स्वस्थ रहें। इस मौक़े पर मुख्य अतिथि डॉ. तनवीर अहमद ने प्रथम विजेता टीम अमीर काइट क्लब के नईम अहमद और कन्हैया लाल को ट्राफी, 100 पतंग और 12 रील का चरखा और दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीम शादाब काइट क्लब के शादाब और शहीद को ट्राफी 50 पतंग और 6 रील का चरखा दिया। टूर्नामेंट में विशेष स्थान प्राप्त करने वालों में शहीद अली, शाहनवाज खान, इमरान अली, और सुहेल खान की ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौक़े पर अंबेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष रेहान खान रशीदी, सैय्यद गुफरान फरीदी, करामत अली, सभासद मोहम्मद शाहवेज, बशीर खान, फरहत अली खान, डॉ. जुबेर अहमद सिद्दीकी रशीद खान आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता शाहनवाज खान और संचालन फैसल मुमताज ने किया।