मुरादाबाद। 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते के आरोप में गिरफ्तार किए गए रामपुर के शाहबाद तहसील के अमीन प्रेम शंकर तिवारी की बुधवार की रात जिला जेल में हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान अमीन ने दम तोड़ दिया।
रामपुर के शाहबाद तहसील में एंटी करप्शन की टीम ने 28 मार्च 2026 को प्रेम शंकर तिवारी (57) ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। रामपुर के जाहिदपुर निवासी हसमुद्दीन को अपनी लाइसेंसी बंदूक के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए नो ड्यूज प्रमाण पत्र आख्या रिपोर्ट लगवानी थी। उन्होंने शाहबाद तहसील में तैनात अमीन प्रेम शंकर तिवारी से संपर्क किया तो उन्होंने रिपोर्ट लगाने की एवज में 15 हजार रुपये की मांग की थी।
अमीन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एक मार्च को कोर्ट में पेश करने के बाद अमीन को जेल भेज दिया गया था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि बंदी प्रेम शंकर को बुधवार की रात सांस लेने में दिक्कत होने पर उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया था लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया जहां रात करीब साढ़े 11 बजे बंदी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम करा दिया गया है।