राइस मिलर्स के घर वाणिज्य कर का बकाया वसूलने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर हमला हो गया। राइस मिल मालिक को पकड़ते ही उसके बेटों सहित अन्य लोगों ने राजस्व टीम को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। अमीन सहित अन्य राजस्व कर्मियों को जमकर पीटा। उनके कपड़े तक फाड़ डाले। इस बीच मौका पाकर राइस मिल मालिक मौके से भाग गया। उधर, राजस्व कर्मियों ने किसी तरह राइस मिल मालिक के एक बेटे को पकड़ लिया और तहसीलदार की गाड़ी में डालकर उसे लेकर थाने पहुंच गए। तहसीलदार ने बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
बताते हैं कि नगर के शमा राइस मिल के मालिक अशरफ अली पर वाणिज्य कर विभाग का 15 लाख रुपया का टैक्स बकाया है। वाणिज्य कर विभाग ने तहसील को आरसी भेजी थी। एसडीएम युगराज सिंह के आदेश पर तहसीलदार संजय सिंह के नेतृत्व में नायब तहसीलदार मोना लीसा जौहरी, संग्रह अमीन विजय सिंह, प्रेमदत्त, उस्मान खां, ताहिर खां, राजाराम गुप्ता, परम सिंह, छोटेलाल की टीम शनिवार को वसूली करने के लिए अशरफ अली के घर पहुंची थी। बताते हैं कि तहसीलदार अपनी गाड़ी में ही बैठे थे जबकि राजस्व संग्रह अमीन सहित टीम के अन्य सदस्य घर पहुंचे और अशरफ अली को पकड़ लिया। इस पर अशरफ अली के बेटे सहित अन्य लोग भड़क गए।
अशरफ अली का बेटा मोहम्मद शुएब उर्फ खालिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर संग्रह अमीन विजय सिंह के साथ हाथापाई शुरू कर दी। अमीन के कपडे़ फाड़ दिए। राजस्व टीम में शामिल प्रेमदत्त तथा उस्मान खां के साथ भी मारपीट की। टीम के कब्जे से अपने पिता अशरफ अली को छुड़ा कर मौके से भगा दिया। लोगों के सामने पिटने और कपड़े फटने के बाद राजस्व टीम के सदस्यों ने कुछ साहस दिखाया और अशरफ अली के पुत्र खालिद को पकड़ लिया। तहसीलदार संजय सिंह की गाड़ी में डालकर उसे थाने ले जाया गया,जहां उसके खिलाफ तहसीलदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई।