रामपुर। सावन माह को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने प्लान तैयार कर लिया है। सावन माह में भमरौआ, पंजाबनगर, रठौंडा आदि शिवालयों पर एक एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी, जिसमें एंटी-रैबीज व एंटी-वैनम वैक्सीन भी उपलब्ध होगी। इसके साथ ही दो अस्थायी अस्पताल भी बनाए जाएंगे जो कि जिले की प्रवेश सीमा पर बनाए जाने प्रस्तावित किए गए हैं। कांवड़ियों के जुटने वाले स्थानों और शिविरों पर मेडिकल कैंप लगाया जाएगा।
14 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मास की तैयारियों में स्वास्थ्य विभाग जुट गया है। श्रावण मास में कावड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। हरिद्वार और ब्रजघाट के रास्ते कांवड़िये पवित्र जल लेकर लौटते हैं। लेकिन, कोरोना की वजह से दो साल से कावड़ यात्रा नहीं हो पाई थी। लेकिन, इस बार शिवभक्तों में कावड़ यात्रा को लेकर उत्साह है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग अपनी ओर से कोई कमी नहीं रखना चाहता है।