रामपुर। ईद की छुट्टी के बाद मतदान में लगे कर्मियों का प्रशिक्षण एक बार फिर से शुरू हो गया। प्रशिक्षण में कर्मियों को मतदान संपन्न कराने के तरीके बताए गए। सीडीओ ने परीक्षा के दौरान कम अंक पाने वाले कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गंभीरता के साथ प्रशिक्षण हासिल करें। इस दौरान कर्मचारियों को ईवीएम का भी प्रशिक्षण किया गया।
19 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए इन दिनों दयावती मोदी अकादमी में कर्मियों का प्रशिक्षण चल रहा है। शुक्रवार को प्रशिक्षण का मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल द्वारा निरीक्षण किया गया। द्वितीय प्रशिक्षण 16 अप्रैल 2024 तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित किया जाएगा। 16 अप्रैल को माइक्रो ऑब्जर्वर्स एवं सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि डीएमए के सभी 18 कक्षों में प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण कार्य का निरीक्षण किया गया जो ठीक पाया गया।
उन्होंने कई कार्मिकों से प्रशिक्षण, ईवीएम को संचालित करने का तरीका आदि के संबंध में जानकारी ली। मुख्य विकास अधिकारी ने ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि वह सभी कार्मिकों का एसेसमेंट टेस्ट लेकर स्कोर चेक करें तथा जो कार्मिक न्यूनतम निर्धारित अंकों से कम अंक प्राप्त करें, उनको पुनः प्रशिक्षण दिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टी रवानगी के दौरान कोई भी कार्मिक अनुपस्थित न रहे। यदि कोई कर्मचारी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया जाएगा।