सूबे के कद्दावर मंत्री आजम खां के बेटे एवं स्वार टांडा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अब्दुल्ला आजम की उम्र को लेकर चल रहे विवाद का फैसला सोमवार को हो जाएगा। अब्दुल्ला की उम्र की जांच के लिए जहां उसके जन्म प्रमाण पत्रों को देखा जाएगा,वहीं मेडिकल रिपोर्ट भी देखी जाएगी। यानि यह साफ हो जाएगा कि अब्दुल्ला चुनाव मैदान मे रहेंगे या फिर आउट हो जाएंगे।
समाजवादी पार्टी ने सूबे के कद्दावर मंत्री आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां को स्वार टांडा से चुनाव मैदान में उतारा है। अब्दुल्ला को चुनाव मैदान में तो उतार दिया गया है, लेकिन उनके चुनाव मैदान में उतरने से पहले ही उनकी उम्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दो दिन पहले अस्पताल में मेडिकल चेकअप के लिए जब उन्होंने एक्सरे कराया तभी से उम्र को लेकर विवाद को बल मिलने लगा था। इस बीच इसी सीट से बसपा प्रत्याशी काजिम अली खां नवेद मियां ने भी चुनाव आयोग को शिकायत भेजकर उम्र को लेकर सवाल उठाए थे। फिलहाल जांच कमेटी गठित कर अब्दुल्ला का एक्सरे कराया जा चुका है। अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच का काम होगा। यानी जो शिकायत की गई है, उसका निस्तारण करने काम सोमवार को ही होगा। निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में अब्दुल्ला के उम्र को लेकर उठे सवालों का जवाब तलाशने के लिए प्रमाण पत्रों की जांच होगी। जांच में यह सब साफ हो जाएगा कि उनकी उम्र चुनाव लड़ने की है या फिर नहीं। यदि प्रमाण पत्रों में उनकी उम्र 25 साल से ज्यादा होती है तो ही वे चुनाव लड़ सकते हैं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो उनके चुनाव लड़ने पर ही खतरे के बादल मंडरा सकते हैं।