आतंकी हमले के बाद 25 लोगों ने रद्द की कश्मीर यात्रा
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद स्थानीय लोग भी दहशत में हैं। दो माह पहले बुक 140 टिकट बुक कराए गए थे, लेकिन हमले के दूसरे दिन शाम तक 25 से अधिक लोग टिकट रद्द करा चुके हैं। रामपुर से जम्मू जाने के लिए लोग काफी उत्साहित थे और रिजर्वेशन कराया था।
दो माह पहले सियालदाह एक्सप्रेस और मंगलवार को चलने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस में 143 टिकट बुक हुए थे। लेकिन पहलगाम में हुई आतंकी घटना से हर कोई स्तब्ध है। घटना के बाद से अब लोग दहशत में हैं। लोगों ने अब अपना टूर कैंसिल करना शुरू कर दिया है।
हमले के दूसरे दिन ही 25 टिकट रद्द हो चुके हैं। सियालदाह एक्सप्रेस में 56 स्लीपर, 16 एसी और सेकेंड एसी का एक टिकट बुक था। इसी तरह से जम्मूतवी एक्सप्रेस में भी टिकट बुकिंग थी।
ट्रांसपोर्टरों को हो सकता है घाटा
रामपुर में मौजूदा समय में ट्रांसपोर्ट से रोजाना चार-पांच ट्रक जम्मू जाते हैं, जिनमें स्नैक्स आइटम, कच्चा माल आदि जाता है। ट्रांसपोर्टर गुरजीत सिंह बताते हैं कि प्रति ट्रक दो से ढाई लाख रुपये तक का सामान जाता है। ऐसे में अब चालक जम्मू तक जाने में कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ट्रक नहीं चले तो 50 प्रतिशत से अधिक का घाटा हो सकता है।
गर्मी की छुट्टी के लिए दो माह पहले ही लोग बुकिंग कराते हैं। जम्मू के लिए यहां से सियालदाह एक्सप्रेस और जम्मूतवी जाती है। इसके टिकट बुक हैं लेकिन धीरे-धीरे लोग टिकट रद्द करा रहे हैं। -मो. आजम खां, स्टेशन अधीक्षक