हादसे में जान गंवाने वाली आयत।
- फोटो : रामपुर
रामपुर। सड़क हादसे में माता-पिता की मौत के बाद तीन साल की आयत नूर ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने तीनों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया है। इस बीच डंपर चालक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला गंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के खेमपुर गांव निवासी आबिद अपनी पत्नी नाजुक जहां, बेटी आयत नूर व बेटे जीशान के साथ रविवार की शाम को घर से शहजादनगर थाना क्षेत्र के दबका गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। क्षेत्र के केसरपुर गांव के चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक पर सवार आबिद, उनकी पत्नी नाजुक जहां की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे में उनकी तीन साल की बेटी आयत नूर व 11 साल का बेटा जीशान गंभीर रूप से घायल हो गया था। डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था। रविवार की देर रात तीन साल की आयत नूर ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके शव को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
गंज थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि पति-पत्नी के साथ ही तीन साल की बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
तीन की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल
सड़क हादसे में आबिद, उसकी पत्नी नाजुक जहां और तीन साल की बेटी आयत नूर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में सोमवार की शाम को तीनों के शव पहुंचे, जहां शोक भरे माहौल के बीच तीनों को दफन कर दिया गया।