रामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने चमरौवा स्थित नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज की मान्यता समाप्त कर दी है। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने प्रदेश के 400 से अधिक कॉलेजों की मान्यता समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। इनमें रामपुर के चमरौवा स्थित नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज का भी नाम शामिल है।
बोर्ड ने उन कॉलेजों की मान्यता समाप्त की है, जिनमें पिछले दो वर्षों से बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षार्थी पंजीकृत नहीं हुए हैं। ऐसे कॉलेजों को परीक्षा केंद्र भी नहीं बनाया जा रहा था।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल ने बताया कि नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज, चमरौवा की ओर से मान्यता सरेंडर की गई थी। इसका कारण छात्र संख्या का लगातार घटना था। यह प्रकरण दो वर्षों से चल रहा था। विभाग की ओर से मान्यता समाप्त करने की संस्तुति की गई थी, जिस पर अब कार्रवाई हुई।