बिलासपुर। बार एसोसिएशन की बुधवार को अध्यक्ष राजेंद्र सक्सेना की अध्यक्षता में बैठक हुई। अधिवक्ताओं ने तहसील में तैनात लेखपालों की कार्यप्रणाली से नाराज होकर चार दिन के सांकेतिक विरोध का एलान किया है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चार नवंबर से सात नवंबर तक सभी अधिवक्ता न्यायालयों में कार्य से विरत रहेंगे। उन्होंने लेखपालों पर दाखिल खारिज और वसीयत की पत्रावलियों में समय से रिपोर्ट न लगाने की निंदा की। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि रिपोर्ट न लगने से पत्रावलियां समय से निस्तारित नहीं हो पा रही हैं और नियम विरुद्ध खारिज की जा रही हैं।
रुद्रपुर सीमा से लगे गांवों के लेखपालों को अन्य जगह स्थानांतरित करने की भी मांग की गई। पूर्व में ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई न होने से अधिवक्ताओं में गहरा रोष है। बैठक में सचिव राकेश शर्मा, दीपांकर बैरागी, विक्रमजीत सिंह रंधावा, मोहम्मद आसिम रजा, राजेश शर्मा, गुरपाल सिंह गिल आदि ने भाग लिया। संवाद