टांडा। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण चिह्नीकरण के बाद दुकानों पर लगाए गए लाल निशान मिटाए जाने का मामला गंभीर हो गया है। एसडीएम राजकुमार भास्कर ने लगातार मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए राजस्व विभाग की टीम को शिकायत वाले स्थानों पर दोबारा पैमाइश करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि आरोप सही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी।
वैसे तो नगर के अधिकतर लोगों ने अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लिया। हालांकि जिन लोगों ने अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया है, उनके खिलाफ प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि इसी सप्ताह के भीतर हर दशा में अतिक्रमण हटा लिया जाए, अन्यथा कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम राजकुमार भास्कर ने स्पष्ट किया कि नगर के मुख्य मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण नहीं होगा। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद मुख्य मार्ग के दोनों ओर नाला और फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। सौंदर्यीकरण के लिए पौधारोपण किया जाएगा।
साथ ही बिजली खंभों और ट्रांसफार्मरों को पीछे हटाकर व्यवस्थित किया जाएगा। एसडीएम के इस बयान के बाद लोगों में फैली सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी भ्रांतियां भी समाप्त हो गई हैं। संवाद