शिक्षक संघ के चुनाव के दौरान बवाल करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग भी एक्टिव हो गया है। डीएम की सख्ती के बाद बेसिक शिक्षाधिकारी ने इस मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट पुलिस से तलब की है। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के चुनाव के दौरान जमकर बवाल हुआ था। इस बवाल में एक गुट के शिक्षकों ने दूसरे गुट के शिक्षकों पर हमला बोल दिया और फिर दूसरे ने पहले गुट पर हमला बोल दिया था, जिसके बाद डायट परिसर जंग का मैदान बन गया था, जिसके हाथ में जो आया उससे ही मारपीट करने लगे थे। बवाल के दौरान धारदार हथियार चले , जिससे एक शिक्षक भी बुरी तरह जख्मी हुआ था साथ ही इस दौरान कुछ ने हंगामे के दौरान तमंचे भी लहराए थे।
विज्ञापन
शिक्षकों के चुनावके दौरान जिस तरह से बवाल हुआ उससे शिक्षकों की छवि काफी धूमिल हुई है। इस मामले में नवनिर्वाचित शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डा.राजवीर सिंह के साथ ही दूसरे पक्ष की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। डायट में चुनाव के दौरान हुए बवाल के मामले को लेकर प्रशासन इसमें सख्त हो गया है। जिलाधिकारी अमित किशोर ने इस मामले को बेहद ही गंभीरता से लेते हुए बीएसए एसके तिवारी से इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही इस मामले में पुलिस से भी रिपोर्ट तलब की है।
डीएम की सख्ती के बाद अब बेसिक शिक्षा विभाग भी एक्टिव हो गया है। बीएसए एसके तिवारी ने इस मामले में पुलिस को पत्र लिखकर इस मामले में दोनों पक्षों की एफआईआर तलब की है। साथ ही इसको लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बीएसए ने बताया किछवि को धूमिल करने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।