मिलक (रामपुर)। नगर निवासी एक युवती ने मोहल्ले के ही युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। बाद में शादी से इन्कार कर दिया। पीड़िता ने बृहस्पतिवार को एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने बताया कि वह नगर स्थित एक इंटर काॅलेज में शिक्षण कार्य करती है। विद्यालय आते जाते समय मोहल्ला निवासी एक युवक उससे मिलता था। शादी का झांसा देकर उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप लगाया कि युवक उसे बरेली के होटल ले गया और उसके साथ संबंध बनाए। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। युवक ब्लैकमेल करके अपने घर बुलाकर उसके साथ संबंध बनाता था। जब भी उससे शादी के लिए कहा तो युवक अपनी बहन की शादी के बाद उससे शादी करने की बात कह कर टाल देता। उसने अपने माता-पिता को सारी बात बताई। जिसके बाद परिजन उसके घर गए, जहां युवक ने उससे शादी करने का आश्वासन दिया, लेकिन शादी नहीं की। जब उसने दबाव बनाया तो युवक ने कहा कि वह अब तहसील में उच्च पद पर सरकारी नौकर बन गया है। दहेज में 20 लाख रुपए नगद दिलाओ तभी शादी करूंगा। युवती ने बताया कि उसने बीती 28 जनवरी को मिलक कोतवाली में युवक के खिलाफ तहरीर दी थी परंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। युवती ने युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।