स्वार। कोतवाली क्षेत्र के गांव चुन्नावाला रायपुर निवासी एक विधवा महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर शादी का वादा कर करीब दो लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने और गला घोंटकर हत्या करने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता आरती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले करीब 14 माह से गांव के महावीर से उसकी फोन पर शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। महिला का कहना है कि उसने शुरुआत में ही महावीर को बता दिया था कि वह विधवा है और उसके चार बच्चे हैं। इसके बावजूद आरोपी ने हर हाल में शादी करने का भरोसा दिया।
आरोप है कि इस दौरान महावीर ने महिला से करीब 80 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद तथा अस्पताल सीज होने का हवाला देकर एक लाख रुपये लिए। बाद में आरोपी ने बताया कि उसकी पहले से शादी हो चुकी है और उसकी पत्नी उसके साथ रहती है, इसलिए वह उससे शादी नहीं कर सकता।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने और गला घोंटकर हत्या करने की धमकी दी। तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर और मंगलसूत्र पहनाकर शादी का विश्वास दिलाया था, जिसके दो महिलाएं प्रत्यक्षदर्शी गवाह हैं। सीओ सोनम सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।