शाहबाद। रानी पद्मावती की याद में बृहस्पतिवार को हुए दंगल में बुलंदशहर की युवती पहलवान आरती ने सिरौली के पहलवान अकरम को पटकनी देकर चित कर दिया और जीत दर्ज की। जीतने वाली युवती पहलवान को कमेटी की ओर से इनाम में धनराशि दी गई।
बुधवार से ढकिया गांव में रानी पद्मावती के बलिदान, त्याग और उनके शौर्य के सम्मान में मेला चल रहा है। मेले में आयोजित हुए दंगल का उद्घाटन पूर्व विधायक काशीराम दिवाकर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगपाल सिंह और भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री सुरेश बाबू गुप्ता ने फीता काटकर किया। इससे पहले अतिथियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती की शुरूआत कराई।
दंगल में अगली कुश्ती कैथल के मुन्ना पहलवान और आसफपुर के छोटू के बीच कुश्ती हुई, जिसमें मुन्ना ने जीत दर्ज की। बिसौली के नीरेश और सहसवान के परमानंद के बीच हुई कुश्ती में नीरेश विजय घोषित हुए। अगली कुश्ती गोविंदपुर कला के पहलवान कुलदीप यादव और ढकिया की कुमरपाल के बीच हुई, इसमें कुलदीप यादव ने जीत दर्ज की। सैफनी के अन्नू और महुनगर के अंशुल के बीच हुई कुश्ती में अन्नू जीते।
अगली कुश्ती आंवला के भारत पहलवान और बरेली के राजवीर पहलवान के बीच हुई, इसमें भारत ने राजवीर को पटकी देकर जीत दर्ज की। सैफनी के अदनान और आजमगढ़ के नीरज के बीच हुई कुश्ती में अदनान जीते। धर्मेंद्र और सुनील के बीच हुई कुश्ती में धर्मेंद्र जीते। सैफनी के खलीक और मेरठ के आकाश के बीच हुई कुश्ती में खलीक जीते। बरखेड़ा के चन्दकेश और लोनी के राजू के बीच हुई कुश्ती में चंद्रकेश विजय घोषित हुए।
जीते हुए पहलवानों को कमेटी ने धनराशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान कमेटी के के अध्यक्ष राजपाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष केपी सिंह, डॉ. मनोज, मनोज फौजी, दिग्विजय फौजी, पुष्पेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।