शाहबाद। चार दिसंबर को होने वाली छोटे भाई की शादी का निमंत्रण देने आई बड़े भाई लोकेश (35) की सड़क हादसे में मौत हो गई।
शुक्रवार शाम को बदायूं के बिसौली क्षेत्र के जमालपुर गांव के रहने वाले युवक लोकेश अपने छोटे भाई बांकेलाल की शादी का निमंत्रण देने के लिए शाहबाद के गांव नवाबपुरा और लश्करगंज आए थे। रिश्तेदारों के मुताबिक वह मुरादाबाद जा रहे थे। शाम करीब सात बजे अज्ञात वाहन चालक ने बाइक सवार लोकेश को नगर के लक्खी बाग के पास टक्कर मार दी। गंभीर हालत में युवक को सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिवार के लोग सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चार दिसंबर को जानी है भाई की बरात
मृतक लोकेश के बैग से शादी का कार्ड निकला। मृतक के भाई बांकेलाल की बारात चार दिसंबर को बरेली के आंवला को जानी है। जब दूल्हे के भाई मौत की खबर दुल्हन के परिवार को मिली तो वहां भी चीख-पुकार मच गई।
-
एंबुलेंस देरी से आई, सड़क पर ही पड़े रहे लोकेश
रिश्तेदार सत्यपाल ने बताया कि लोकेश सड़क हादसे में घायल होने के बाद करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़े रहे। उनके सिर से काफी खून बह रहा था। रिश्तेदार और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एंबुलेंस को सूचना दी गई। आधे घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। काफी देर के बाद जब एंबुलेंस लोकेश को सीएचसी लेकर आई, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
-
पिता के आने के बाद भी नहीं बताई मौत की बात
शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे मृतक लोकेश का भाई बांकेलाल इनके पिता ओमप्रकाश सीएचसी पहुंच गए। मौके की नजाकत को देखते हुए परिवार के अन्य लोगों ने पिता को लोकेश की मौत की बात नहीं बताई। परिवार के लोग यही बताते रहे कि लोकेश के चोटें लगी है।