पटवाई (रामपुर)। रामपुर-शाहबाद मार्ग पर शुक्रवार रात थाना खजुरिया के बहादुरगंज गांव निवासी नरेश पाल (25) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय नरेश की मौत हो गई। वह एक वैवाहिक समारोह से लाैट रहे थे।
नरेश पाल शुक्रवार को पटवाई क्षेत्र के मथुरापुर गांव में अपनी ममेरी साली के विवाह में आए थे। रात करीब आठ बजे घर जाते समय क्षेत्र के चंदनपुर गांव पर नरेश पाल को अज्ञात वाहन टक्कर मारकर भाग गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस से घायल युवक को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना के बाद मृतक के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शनिवार को पटवाई थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नरेश पाल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। मृतक ने अपने पीछे पत्नी और छह माह की मासूम को छोड़ा है। नरेश की शादी चार साल पहले हुई थी।