रामपुर। डीएम आवास परिसर में लगे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। तुरंत फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाई। इससे डीएम आवास की दीवारों में लगी फाइबर चादरें जल गईं। इससे वीआईपी कॉलोनी, डीएम आवास सहित 300 घरों में चार घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
डीएम आवास परिसर में विद्युत विभाग का 250 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इससे डीएम आवास और वीआईपी कॉलोनी के करीब 300 परिवारों को बिजली आपूर्ति होती है। डीएम आवास की सुरक्षा में तैनात सिपाही प्रदीप कुमार ने बताया कि करीब एक बजे हवा चलने के दौरान पेड़ की टहनियां हाईटेंशन लाइन में टकराई और उससे चिंगारी निकली। ट्रांसफार्मर के पास पड़े सूखे पत्तों में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रांसफार्मर को अपने आगोश में ले लिया। इसकी सूचना तुरंत फायर और बिजली विभाग के कर्मचारियों को दी गई। बिजली काटने के बाद तुरंत आग में काबू पाया जा सका। इसके बाद बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर की मरम्मत की। करीब चार घंटे 300 घरों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
000000000000
विद्युत निगम की लापरवाही आई सामने, आखिर कैसे की छंटाई
रामपुर। विद्युत निगम लगातार लॉपिंग-चॉपिंग के नाम पर बिजली कटौती करता है। इसके ठीक उलट डीएम आवास से कचहरी होते हुए स्टार चौराहे तक हाईटेंशन लाइन में कई पेड़ों की टहनियां टच हो रही हैं। विभाग पर सवाल उठ रहे हैं कि जब वीआईपी क्षेत्र में ही पेड़ों की लॉपिंग-चॉपिंग नहीं हुई है तो ग्रामीण क्षेत्रों के क्या हाल होंगे। उधर, डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि आग कैसे लगी इसकी जांच विभाग कर रहा है। लॉपिंग-चॉपिंग की भी जानकारी ली जा रही है। ब्यूरो