केमरी (रामपुर)। गांव गंगापुर कदीम निवासी आरती (25) की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को ग्राम गंगापुर कदीम निवासी राजू सैनी की पत्नी आरती का शव बेड पर पड़ा मिला था। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। आरती के पिता थाना मिलक के ग्राम पीपलसाना निवासी राकेश ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 2021 में ग्राम गंगापुर कदीम निवासी राजू सैनी से की थी। शादी के बाद से ही उसका पति, सास, ससुर, देवर व ननद बेटी से दहेज में दो लाख रुपये नकद व एक कार की मांग करते हुए अक्सर मारपीट करते थे। शनिवार देर रात सूचना मिली कि आरोपियों ने बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी है। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर पति राजू, बब्लू, सोमपाल, जावित्री व थाना शहजादनगर के ग्राम जादमपुर निवासी विमलेश व प्रदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।