रामपुर। जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में पांच-पांच पुल और सौ-सौ सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराया जाएगा। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग ने 15 जून कोे शासन को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव की मंजूरी के साथ ही इसका निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। अफसरों का दावा है कि इसे जल्द ही शुरू करा लिया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग हर साल सड़कों, पुलियों व पुलों के निर्माण की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजते है। शासन से स्वीकृति मिलने व बजट जारी होने पर इनका का काम कराया जाता है। इस बार भी विभाग ने रामपुर सदर मिलक-शाहबाद, बिलासपुर, स्वार-टांडा और चमरौआ विधानसभा क्षेत्रों की सड़कों के निर्माण व मरम्मत और पुलों व पुलियों का निर्माण कार्य कराए जाने की कार्य योजना तैयार करते हुए इसे शासन को मंजूरी के लिए भेजा है।
लोक निर्माण विभाग ने इन सब कार्यों की अनुमानित लागत करीब एक हजार करोड़ रुपये आंकी है। इसके लिए सरकार से बजट की मांग की है।
यह पुल व सड़कें जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बनाई जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच-पांच पुल निर्माण कराया जाना प्रस्तावित किया गया है।