केमरी। पार्टनरशिप में कारोबार करने के बाद बकाये के विवाद में दो पार्टनरों पर अपने साथी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम कुईया निवासी गुरप्रीत ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने गांव के जसनदीप सिंह और सतराखेड़ा निवासी सुरेंद्र सिंह के साथ पार्टनरशिप में कारोबार किया था। उसके अनुसार दोनों पार्टनरों पर करीब डेढ़ लाख रुपये बकाया थे, जिसे मांगने पर वे पैसे नहीं दे रहे थे।
आरोप है कि 12 मार्च की रात करीब 10 बजे वह अपने चाचा बलजिंदर सिंह के घर पर बैठा था। इसी दौरान जसनदीप सिंह हिसाब-किताब करने के बहाने उसे रास्ते पर ले गया, जहां पहले से जसनदीप सिंह का भाई रनदीप सिंह और सुरेंद्र सिंह मौजूद थे।
पीड़ित का आरोप है कि वहां पहुंचते ही तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उसके चाचा मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी बंदूक और पिस्टल की बट से हमला कर दिया। ग्रामीणों के मौके की ओर आते देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।