रामपुर। करीब सप्ताह भर से हजरतपुर गांव में सुलग रहे कूड़े के ढेर में रविवार की सुबह हुए धमाके में घायल कबाड़ बीनने वाले पप्पू की मेरठ में इलाज के दौरान मौत हो गई। धमाका उस वक्त हुआ था जब पप्पू कूड़े में कबाड़ तलाश रहा था। मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मेरठ में ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में तोपखाना-हजरतपुर रोड पर पालिका का ट्रंचिंग ग्राउंड है। रविवार सुबह काशीपुर गांव निवासी 40 वर्षीय पप्पू हजरतपुर ट्रंचिंग ग्राउंड में कबाड़ बीन रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह कूड़े के ढेर के पास पहुंचा था तभी उसने कूड़े के ढेर में एक डंडा मारा, जिसके बाद अचानक जोरदार धमाका हो गया।
धमाके में पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे बेहतर इलाज के लिए पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया था। मेरठ में इलाज के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया।
मेरठ में ही पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। पप्पू के पांच बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा दस साल का है। परिवार के लोगों को शव रामपुर लाने का इंतजार है।
-
पटाखे से हुआ धमाका, बम निरोधक दस्ते की जांच में हुआ खुलासा
रामपुर। ट्रंचिंग ग्राउंड में धमाका पटाखे पर भारी वस्तु के पड़ने की वजह से हुआ। इसका खुलासा बम निरोधक दस्ते की टीम ने अपनी जांच पड़ताल के बाद किया। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया था। टीम ने यहां पहुंचकर मौका मुआयना किया। इस दौरान दस्ते ने अपनी जांच में पाया कि यह धमाका पटाखे के धमाके से हुआ। दरअसल पटाखे पर भारी वस्तु के पड़ने के बाद यह धमाका हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। संवाद