बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नवाबगंज में एक किसान के खेत से डेढ़ लाख रुपये कीमत की 11 सोलर प्लेटें चोरी हो गईं। घटना के दस दिन बाद भी पुलिस चोरों का पता नहीं लगा सकी है। इससे नाराज किसान ने चोरों को पकड़वाने वाले को एक लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। इसकी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
किसान जसजीत सिंह ने बताया कि चोरी नौ मई की रात हुई थी। उनके बड़े भाई सरबजीत सिंह के खेत से सोलर प्लेटें, स्टार्टर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया। मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि इनाम राशि देने का उद्देश्य चोरों को सजा दिलवाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। अब देखना यह है कि किसान की इनाम घोषणा का लोगों पर क्या असर पड़ता है।