रामपुर। गंज कोतवाली क्षेत्र में मारपीट का मामला सामने आया है। पत्नी से चल रहे विवाद के बीच ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर मस्जिद में घुसकर इमाम पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोट थाना क्षेत्र के ग्राम अशोकपुर पट्टी निवासी शाकिर अली का कहना है कि वह चपटा कॉलोनी स्थित एक मस्जिद में इमामत करते हैं। उनकी शादी केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम भटपुरा निवासी युवती के साथ हुई थी। वर्तमान में पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है और दोनों अलग रह रहे हैं।
शाकिर अली की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा गया है कि वह मस्जिद में मौजूद थे, तभी बोलेरो गाड़ी से कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपी पत्नी को तलाक देने और दहेज के सामान के बदले दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मारपीट के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
गंज कोतवाल पवन कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम भटपुरा निवासी इरशाद, अरशद, अबरार, शाहिद और शावेज अख्तर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-
रामपुर में गर्भवती महिला से मारपीट, प्राथमिकी
रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में एक सात माह की गर्भवती महिला नाजिया के साथ मामूली बात पर मारपीट की गई। पीड़िता ने इस मामले में नगमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। नाजिया अपने दो बच्चों के साथ बाजार से लौट रही थी, तभी गली में कुत्तों के भौंकने पर आरिफ और उसकी पत्नी नगमा हंसने लगे। विरोध करने पर दोनों ने नाजिया को बुरी तरह पीटा। जब नाजिया का पति बचाव में आया, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। कॉलोनी वालों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। संवाद