शाहबाद (रामपुर)। कस्बे के एक विद्यालय में बुधवार को कक्षा छह की छात्रा से इंटर के छात्रों ने छेड़खानी कर दी। शिकायत पर स्कूल पहुंचे छात्रा के परिजनों से आरोपी छात्रों ने बाहरी साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। दोनाें पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और बेल्टें चलीं। मारपीट में कई लोग घायल हो गए। देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की बेटी कस्बे के एक विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा है। छात्रा के मुताबिक, कॉलेज के 12वीं के कई छात्र काफी समय से छेड़खानी करते आ रहे थे। बुधवार को आरोपी छात्रों ने उसके साथ फिर से छेड़खानी की तो उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी होने पर परिजन कॉलेज पहुंचे तो आरोपी छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया। साथ ही बाहर से अपने साथियों को कॉलेज में बुला लिया।
देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई और कॉलेज के बाहर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। बेल्टों और लाठी-डंडों चलने लगे। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिसके बाद पीड़ित परिवार छात्रा को लेकर कोतवाली पहुंचा और आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रा के परिजन कई घंटे तक कोतवाली में डटे रहे।
हालांकि, देर शाम दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। बताया जाता है कि दोनों ही पक्ष अलग-अलग समुदाय से हैं, जिससे तनाव बढ़ने की आशंका थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।