रामपुर। महिला थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में सीआरपीएफ जवान समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने मंदिर में शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में प्रताड़ित किया।
महिला थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार टांडा क्षेत्र निवासी महिला की पहचान ज्वालानगर निवासी राजेंद्र प्रसाद उर्फ राजू से हुई थी। वह सीआरपीएफ का जवान है। आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे खंडिया क्षेत्र में किराये के मकान में रखा और मंदिर में मांग भरकर तथा जयमाला डालकर शादी करने की बात कही।
इसके बाद आरोपी उसके साथ संबंध बनाता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के भाई राजेश प्रकाश ने भी उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की गई।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गर्भ गिराने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। एफआईआर में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने प्लॉट खरीदने के नाम पर महिला से करीब 16 लाख रुपये ले लिए, लेकिन कोई प्लॉट नहीं खरीदा।
पीड़िता ने बताया कि उसने पहले भी शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। महिला थाना प्रभारी रजनी द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।