मिलकखानम। फर्जी कागजात तैयार कर विधवा पेंशन हड़पने के आरोप में पूर्व प्रधान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला थाना क्षेत्र के भगवंत नगर गांव का है। ग्राम प्रधान कौशल्या देवी का आरोप है कि पूर्व प्रधान भागराम ने विधवा पेंशन के लिए फर्जी कागज तैयार कर 40 विधवाओं की पेंशन तैयार करवा ली। पूर्व प्रधान ने अपने अन्य चार साथियों सुरेन सिंह, गुरनाम सिंह, समीर और गुरदीप चंद के साथ मिलकर फर्जी कागजात तैयार किए। पेंशन के लिए गुरदीप चंद ने अपना नाम गुरदीप रानी कर लिया। इसके बाद करीब 40 फर्जी आईडी तैयार कर विधवा पेंशन स्वीकृत कराई गई। मामले में प्रधान कौशल्या देवी ने पुलिस को फर्जीवाड़े की शिकायत करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच की तो आरोप सही पाए गए। पुलिस ने पूर्व प्रधान भागराम समेत पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने मामले में एक आरोपी गुरदीप चंद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां पर कोर्ट के आदेशों पर उसे जेल भेज दिया गया।