मिलक। जंगल गए दो छात्रों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। दोनों छात्र शुक्रवार से लापता थे। छात्रों के शव दूसरे दिन मिले। परिजनों में कोहराम मचा है।
कोतवाली क्षेत्र के पिपलाशिवनगर निवासी पप्पू का बेटा सुमित (13) और कैलाश का बेटा हिमांशु (14) गांव के ही स्कूल में पढ़ते हैं। शुक्रवार को दोनों अपने घरों से चारा लेने के लिए अपराह्न तीन बजे जंगल गए थे। जंगल में गांव के बाहरी छोर पर स्थित तालाब में नहाने लगे। वे नहाते हुए गहरे पानी में चले गए और डूब गए। छात्रों के वापस न लौटने पर परिवार वालों ने खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा। शनिवार सुबह तालाब के पास से कुछ राहगीर जा रहे थे। तालाब के पास बच्चों के कपड़े दिखाई दिए। पास जाकर देखने पर तालाब में उनके शव तैरते दिखाई दिए। इसकी सूचना गांव में पहुंची तो हड़कंप मच गया। तालाब पर भीड़ लग गई। बच्चों के शवों को तालाब से निकालकर घर ले जाए गए। बेटों की मौत पर परिवार वाले सदमे से नहीं उबर पाए हैं।