रामपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व नगर विकास मंत्री आजम खां 24 अप्रैल को अमेरिका की हावर्ड यूनिवर्सिटी के लिए रवाना होंगे। अखिलेश व आजम वहां के विद्यार्थियों को 25 व 26 अप्रैल को कुंभ मेला के सफल आयोजन की बारीकियों से अवगत कराएंगे।
आजम खां ने बताया कि हमें हावर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से निमंत्रण मिला है। हम वहां के विद्यार्थियों व स्टाफ से रूबरू होंगे। उनको बताएंगे कि कुंभ मेले का सफल आयोजन कैसे किया गया। इतनी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के बावजूद उनको सुविधाएं कैसे उपलब्ध कराई गईं। श्रद्धालुओं के ठहरने, खाने-पीने की सुविधा किसी तरह से उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि वो सीएम के साथ 24 को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। वहां 25 और 26 अप्रैल को कार्यक्रम का आयोजन होना है।