रामपुर। बच्चों की दक्षता परखने को बुधवार को राष्ट्रीय स्तर पर परख सर्वेक्षण का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा तीन, छह और नौ के बच्चों ने ओएमआर शीट पर परीक्षा दी। परीक्षा जिलेभर के 127 विद्यालयों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कंट्रोल रूम भी बनाया गया था।
परिषदीय स्कूलों की तरह अब माध्यमिक स्कूलों में भी परख सर्वेक्षण लागू किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले इस सर्वेक्षण में परीक्षा के जरिये विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता को परखा जा रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय एवं एनसीईआरटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस सर्वेक्षण परीक्षा में बुधवार को कक्षा तीन, छह और नौ के विद्यार्थी शामिल हुए।
जिले के 126 स्कूलों में सर्वेक्षण परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें सीबीएसई, मदरसा, नवोदय विद्यालय, परिषदीय एवं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के स्कूल शामिल रहे। परख सर्वेक्षण परीक्षा में कक्षा तीन के लिए भाषा, गणित और हमारे आसपास की दुनिया, कक्षा छह के लिए भाषा गणित एवं हमारे आसपास की दुनिया तथा कक्षा नौ के लिए भाषा, गणित व सामाजिक विज्ञान के साथ-साथ विज्ञान विषयों में उपलब्धियों को लेकर परीक्षा कराई गई। परीक्षा के लिए डायट से फील्ड इंवेस्टीगेटर्स भी तैनात किए गए थे। डायट के साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से टीमों को लगाया गया था। इन टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया।
राष्ट्रीय परख सर्वेक्षण परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। जिले के 127 विद्यालयों में परख सर्वेक्षण परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में 97 फीसदी बच्चे शामिल हुए हैं। -डाॅ. नीलम रानी टम्टा, प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान