रामपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों के जियो टैगिंग और अन्य कार्यों में लापरवाही पर स्वार क्षेत्र के 14 सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इन सभी से दो दिन में कार्य सुधार न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में आवास बनाए जा रहे हैं। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में आवासों की निर्माण किस्त जारी करने के लिए आवश्यक जियो टैगिंग और अन्य कार्यों की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों को सौंपी गई है। लेकिन, स्वार क्षेत्र में लगातार सचिवों द्वारा कार्य में लापरवाही बरते जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। पात्र ग्रामीण किस्त जारी न होने की शिकायतें कर रहे थे। इस पर खंड विकास अधिकारी स्वार शैलेंद्र कुमार गौतम ने आवास कार्य की समीक्षा की, जिसमें 14 ग्राम पंचायत सचिवों का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इन सचिवों ने दूसरी और तीसरी किस्त जारी करने के लिए आवश्यक जियो टैगिंग नहीं की है। इस पर इन सभी सचिवों को दो दिवस में कार्य सुधार की चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।