रामपुर। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर विभिन्न विभागों के कर्मियों ने बुधवार को जिले भर में प्रदर्शन किया। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी- पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले कर्मियों ने नई पेंशन को लेने से इंकार करते हुए पुरानी पेंशन को पुन: बहाल करने की मांग उठाई। मांग पूरी न होने पर कर्मियों ने शुक्रवार तक कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। इसके बाद अक्तूबर माह में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
मंच के संयोजक पवन कुमार सक्सेना के नेतृत्व में कर्मी कार्य बहिष्कार करते हुए जिला मुख्यालय पर बीएसए दफ्तर पर एकत्र हुए। यहां पर वक्ताओं ने कहा कि कर्मी अब जागरूक हो चुके हैं और नई पेंशन योजना को स्वीकार नहीं करेंगे। कहा कि पेंशन सरकारी कर्मचारी का हक है, कोई भीख नहीं है। किसी भी कीमत पर खून-पसीने की कमाई का पैसा प्राइवेट कंपनी को नहीं दिया जाएगा। इसके बाद कर्मियों ने गुरुवार और शुक्रवार को भी कार्य बहिष्कार का एलान करते हुए गुरुवार को पीडब्लूडी मनोरंजन सदन में धरना प्रदर्शन होगा। धरना-प्रदर्शन में प्राथमिक शिक्षक संघ, माध्यमिक शिक्षक संघ, डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ, ग्राम विकास अधिकारी संघ, लेखपाल संघ समेत तमाम संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे। इनमें प्रमुख रूप से गनेशी लाल, प्रेम सिंह चौहान, एनपी सिंह, चरन सिंह, विश्वबंधु, परवेज अहमद खां, देवेंद पाल गंगवार, जगदीश पटेल, चितेंद्र यदुवंशी आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर सफाई कर्मचारी संगठनों ने भी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर धरना प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार को समर्थन दे दिया है। संगठनों के पदाधिकारियों ने 31 अगस्त को आंबेडकर पार्क में धरना प्रदर्शन का निर्णय भी लिया है।