दढ़ियाल। (रामपुर)। जर्जर हाईटेंशन लाइन में खराबी से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चौपट होकर रह गई है। बुधवार की रात से बारिश के दौरान लाइन के इंसुलेटर फुंकने और पोल गिरने से क्षेत्र में 15 घंटों से भी ज्यादा समय तक बिजली ठप रही। इस दौरान अंधेरे और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे।
टांडा से दढ़ियाल बिजली घर आने वाली 33 केवीए हाईटेंशन लाइन वर्षों पुरानी होने से जर्जर हालत में है। हल्की हवा और बूंदाबांदी अथवा बारिश में अक्सर लाइन में फाल्ट हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को निर्धारित बिजली से वंचित रहना पड़ रहा है। लोगों की मांग के बावजूद विभाग द्वारा हाईटेंशन लाइन को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। बुधवार की रात करीब 10 बजे बारिश शुरू होने के साथ ही क्षेत्र केग्राम लालपुर के पास हाईटेंशन लाइन के दो इंसुलेटर फुंक गए। इसी स्थान पर लाइन का एक तार भी टूट कर गिर गया। इससे पहले कि कर्मी लाइन दुरुस्त करते सुबह के समय ग्राम लोदीपुर नायक के मोड़ पर एक पोल भी गिर गया। 15 घंटे बीतने के बाद भी शाम तीन बजे तक बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो सकी थी। जेई राजेंद्र सिंह ने बताया कि लाइन जर्जर होने से आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है जल्द आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।