ठियोग(रामपुर बुशहर)। गुड़िया न्याय मंच के लोगों ने मिलकर वीरवार को एक बार फिर ठियोग में नेशनल हाईवे 05 पांच पर चक्का जाम कर दिया। हालांकि, मंच ने चक्का जाम को लेकर पहले कोई सूचना नहीं दी थी, लेकिन चक्का जाम करने के लिए मंच के लोग सड़क पर ही बैठ गए। वीरवार सुबह नेहरू मैदान ठियोग से मंच के कुछ लोगों ने रैली निकाली। इसमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। बाजार होते हुए रैली को पुलिस थाना ठियोग के सामने रोक दिया गया।
इसके बाद यहां नेताओं ने जनसभा का आयोजन किया। विस चुनावों में ठियोग विस क्षेत्र से मैदान में उतरने वाले माकपा नेता राकेश सिंघा ने बताया कि गुड़िया को न्याय न मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की पुलिस की निक्कमी हरकत को आज सीबीआई ने जनता के सामने रख दिया है। सूरज की हत्या में पुलिस विभाग की ओर से की गई करतूत से आज प्रदेश में पुलिस विभाग से जनता का विश्वास उठ गया है। सिंघा ने बताया कि बहुत जल्द सच जनता के सामने आ जाएगा। गुड़िया न्याय मंच एवं भराड़ा पंचायत प्रधान कपिल भारद्वाज ने बताया कि गुड़िया मामला कोई छोटा मामला नहीं है। सीबीआई जांच में किन्हीं और ही लोगों के शामिल होने की आशंका है। सीबीआई की ओर से आई खबर में सामने आया कि पकड़े गए सभी आरोपियों में एक भी व्यक्ति का डीएनए गुड़िया मामले से नहीं मिला है। इस मौके पर संदीप वर्मा, सुरेश वर्मा, महेंद्र वर्मा, राकेश वर्मा गोलू, बालकृष्ण बाली के अलावा कई नेताओं ने भाग लिया।