बिलासपुर। मंगलवार रात में एसओजी व कोतवाली पुलिस की टीम ने क्षेत्र के एक ग्राम प्रधान के घर के नीचे बने गोदाम में छापा मार कर अलग-अलग कंपनियों के 710 बोरी सीमेंट व सीमेंट भरने के उपकरण और इलेक्ट्रानिक कांटा बरामद करने के साथ ही मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सीमेंट के नकली होने की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार रात में कोतवाली पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा छापा मार कर थाना क्षेत्र के ही एक ग्राम प्रधान के घर में बने गोदाम से दो कंपनियों के नाम के सीमेंट के साथ ही सीमेंट को कट्टों में भरने के उपकरण बरामद किए हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि गोदाम में मिले सीमेंट व अन्य उपकरणें को जब्त कर लिया गया है। सीमेंट के असली व नकली होने और गोदाम तक पहुंचने की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्राम प्रधान पति ने बताया कि वह बाहर आए हुए हैं। कुछ दिन पहले एक रिजवान नाम के व्यक्ति ने उनके खाली पड़े गोदाम को किराए पर लिया था। बरामद माल से उनका कोई संबंध नहीं है। यह उनको बदनाम करने की साजिश है।