रामपुर। उनहत्तर हजार शिक्षक भर्ती अभियान के तीसरे चरण के पहले दिन सोमवार को 56 पुरुष व 43 महिला समेत 99 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई। काउंसलिंग के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा गया।
न्यायालय के आदेश पर शासन द्वारा प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के लिए अक्तूबर 2020 में 69000 शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू की थी। इस भर्ती प्रक्रिया में रामपुर जिले को 1250 सहायक अध्यापक के पद आवंटित किए गए थे। पहले चरण की काउंसलिंग 15 व 16 अक्तूबर 2020 को हुई थी। काउंसलिंग के बाद 203 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। दो माह बाद दूसरे चरण में फिर से काउंसलिंग हुई।
2 से 4 दिसंबर तक चली काउंसलिंग में 904 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। दूसरे चरण की भर्ती के बाद रामपुर जनपद में 143 पद रिक्त रह गए थे। भर्ती प्रक्रिया में विभिन्न कारणों से काउंसलिंग से वंचित अभ्यर्थियों को शासन ने फिर से एक मौका दिया है।शासन के निर्देश पर रामपुर जिले के लिए 143 पदों पर सोमवार को सुबह 10 बजे जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में काउंसलिंग शुरू हुई।
पहले दिन हुई काउंसलिंग में 56 पुरुष व 43 महिला समेत 99 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई। इस दौरान सोशल डिस्टसिंग का विशेष ध्यान रखा गया। काउंसलिंग कराने आए अभ्यर्थियों और कर्मचारियों को काउंसलिंग स्थल पर मास्क लगाकर आने के निर्देश दिए गए थे। काउंसलिंग कक्ष में घुसने से पहले अभ्यर्थियों के हाथों को सेनेटाइज कराया। काउंसलिंग के दौरान डायट प्राचार्य नीलम रानी टम्टा,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी समेत बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के कर्मचारी मौजूद रहे।