रामपुर। लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम की उपस्थिति में तहसील टांडा के नवीन मंडी परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 69 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से चार का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए प्राप्त प्रार्थना पत्र के निस्तारण से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्रों के सत्यापन के आधार पर ही निस्तारण कराया जाए तथा कहीं से भी कोई शिकायत का मौका न मिलें। जिलाधिकारी ने दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए जाने के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से लोगों का दिव्यांग प्रमाण-पत्र जिला चिकित्सालय को निर्गत कराएं, ताकि लोगों को प्रमाण-पत्र बनवाने में किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। समाधान दिवस में राशन कार्डधारकों द्वारा यूनिट बढ़ाने के मामले पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्रों के नाम यूनिट में जोड़ा जाए तथा अपात्र लोगों के नाम काटकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।