रामपुर। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान से 72 घंटे पहले ही उड़नदस्ता टीमें सक्रिय हो जाएंगी। इस बाबत जिला निर्वाचन अधिकारी ने टीमों का गठन कर दिया है। जिलेभर में 14 टीमें सक्रिय रहेंगी, जो अपने समय पर ड्यूटी करेंगी। तीन पालियों में यह काम होगा।
लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान से पूर्व सभी तैयारियां की जा रही हैं। इसको लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। इस विधानसभा क्षेत्र में थानावार टीमों का गठन किया गया है, जो तीन शिफ्टों में काम करेंगी। पहली शिफ्ट सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक रहेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर दो बजे से रात को दस बजे तक रहेगी। तीसरी शिफ्ट रात को दस बजे से सुबह को छह बजे रहेगी। स्वार विधानसभा क्षेत्र में स्वार, टांडा और अजीमनगर में टीमों की तैनाती की गई है, जबकि चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के शहजादनगर, भोट और मिलक खानम में टीमें तैनात रहेंगी। बिलासपुर में बिलासपुर, केमरी और खजुरिया थाने को लिया गया है, जबकि रामपुर में कोतवाली, गंज और सिविल लाइंस को लिया गया है। मिलक विधानसभा क्षेत्र में मिलक, शाहबाद और पटवाई थाने को लिया गया है। सभी थानाक्षेत्रों में तीन तीन टीमों को तैनात किया गया है, जो मतदान से 72 घंटे पहले ही सक्रिय हो जाएंगी।