चौपाल (रोहड़ू)।
विधायक बलवीर वर्मा के समर्थकों की ओर से उनके स्वागत में आयोजित किया गया कार्यक्रम चुनाव आयोग के निशाने पर आ गया है। नेरवा में आयोजित कार्यक्रम के लिए भाजपा ने चुनाव आयोग से इजाजत नहीं ली थी। चुनाव आयोग की ओर से भाजपा मंडलाध्यक्ष मंगत राम शर्मा को इस संदर्भ में नोटिस भेज दिया गया है।
चुनाव आयोग ने नोटिस में कहा गया है कि पार्टी की ओर से न तो समारोह आयोजित करने और न ही लाउड स्पीकर चलाने व प्रचार वाहनों को चलाने की अनुमति ली गई थी। सभा स्थल पर दर्जनों वाहन खड़े थे। इनकी वीडियोग्राफी कर रिपोर्ट जिला चुनाव अधिकारी को प्रेषित की गई है। रिटर्निंग अधिकारी अनिल चौहान ने बताया कि इस समारोह के खर्चे को पार्टी खर्चे के खाते में डाला जाएगा। इसकी रिपोर्ट निर्वाचन अधिकारी शिमला को भेज दी गई है। एसडीएम चौपाल अनिल चौहान ने सभी राजनीतिक दलों व लोगों से अपील की है कि आदर्श आचार संहिता का पालन करें व निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने में अपना सहयोग दें।