स्वार। थाना टांडा क्षेत्र के सिहोरा धनुपुरा गांव के बुजुर्ग मोहम्मद अहमद से प्लॉट के नाम पर कुछ लोगों ने साढ़े पांच लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिहोरा धनुपुरा गांव निवासी मोहम्मद अहमद (70 ) पुत्र मसीतुल्ला का कहना है कि स्वार के मोहल्ला अगलगा निवासी भांजे फईम ने इसी मोहल्ला निवासी सखावत हुसैन से उसकी पहचान कराई और 1 जुलाई 2024 को प्लॉट दिलाया। उसने सखावत हुसैन को नकद 5.50 लाख रुपये दिए और एक विक्रय पत्र 10 रुपये के स्टांप पर तैयार कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि बाद में विपक्षीगण ने धोखाधड़ी करते हुए उक्त प्लाट 24 जुलाई 2025 को तबस्सुम बी के नाम रजिस्ट्री करा दी। जब उसे यह जानकारी हुई तो उसने नकल निकलवाकर विरोध जताया, लेकिन विपक्षीगण टालमटोल करते रहे।
पीड़ित का कहना है कि जब वह 25 अगस्त 2025 को गवाहों के अपना पैसा वापस मांगने पहुंचा तो फईम, अनीस अहमद और तबस्सुम बी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।