ईद पर मिलेगा भरपूर पानी, साफ- सफाई के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
रामपुर।
ईद को लेकर नगर पालिका की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान शहरवासियों को निर्बाध पेयजलापूर्ति की जाएगी। बिजली न होने की दशा में जेनरेटरों की व्यवस्था की गई है, जबकि साफ-सफाई के भी मुकम्मल इंतजाम रहेंगे।
ईद का पर्व नजदीक है। लिहाजा, साफ-सफाई से लेकर पेयजल समेत तमाम इंतजामों को लेकर नगर पालिका की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ईद वाले दिन शहरवासियों को भरपूर पानी मिलेगा। पूरे दिन पानी की आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए सभी ट्यूबवेलों पर जेनरेटरों का इंतजाम किया गया है, ताकि बिजली न होने की दशा में पेयजलापूर्ति बाधित न हो। इसके अलावा साफ सफाई के लिए भी टीमें गठित कर दी गई हैं। पांच टीमें मुस्लिम बहुल इलाकों में साफ-सफाई दुरुस्त कराएंगी। ईदगाह पर सफें बनाने से लेकर नमाज वाले स्थानों पर साफ-सफाई के विशेष इंतजाम रहेंगे। मस्जिदों के आसपास चूना डाला जाएगा। गलियों में भी चूनाकली की जाएगी। नमाज के दौरान कोई पशु न आए इसको लेकर भी कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। नगर पालिकाध्यक्षा फात्मा अजहर ने बताया कि ईद पर किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। साफ-सफाई के साथ ही पेयजलापूर्ति के मुकम्मल इंतजाम किए जा रहे हैं।