टांडा (रामपुर)। टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीचएसी) पर क्वारंटीन किए गए जमातियों में से पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मनिहारन मोहल्ला को केंद्र मानते हुए तीन किलोमीटर के एरिया को सील कर दिया गया है। इस एरिया में जितने में लोग हैं सबका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की 50 टीमों को गठन कर दिया गया है। जमातियों के संपर्क आने वाले लोगों को होम क्वारंटीन करने का काम शुरू कर दिया गया है।
मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले 11 जमाती बरेली, मुरादाबाद से होते हुए दो अप्रैल को पैदल ही टांडा से होते हुए जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने उनको रोक कर पूछताछ शुरू कर दी थी। बातचीत में एक जमाती ने बताया कि उसकी नानी का घर यहां पर है। इसके बाद सभी जमातियों को मनिहारन मोहल्ले में स्थित घर में क्वारंटीन कर दिया गया था। इस बीच पुलिस को पता चला कि जमातियों के दो साथी उत्तराखंड पहुंच गए थे, जिसमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद आनन-फानन में 11 जमातियों को मनिहारन मोहल्ले स्थित घर से हटाकर टांडा सीएचसी पर क्वारंटीन किया गया और उनका सैंपल जांच को अलीगढ़ भेजा गया। बुधवार को जांच रिपोर्ट आई, जिसमें पांच जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद प्रशासन ने वहां पर क्वारंटीन अन्य 11 जमातियों को हटा दिया है।
प्रशासन ने गुरुवार को मनिहारन मोहल्ले को केंद्र मानते हुए इसके तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी मोहल्लों, गलियों और गांव को सील कर दिया है। इस दायरे में रहने वाले हर व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच होगी। जांच टीम में स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा, पुलिस, राजस्व कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आशाओं को भी शामिल किया गया है। तीन किलोमीटर एरिया में सभी गलियों और अन्य रास्तों को बंद कर दिया गया है। सेनिटाइजेशन का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। एसडीएम गौरव कुमार ने बताया कि नगर के तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को भी सील कर दिया गया है । स्वास्थ विभाग की 50 टीमें घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ परीक्षण करेंगी। साथ ही जिस रिश्तेदार के घर पर जमात के लोगों को होम क्वारंटीन किया गया था उन सभी 13 लोगों को रामपुर जिला अस्पताल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।