50 किलोग्राम रसगुल्ले कराए नष्ट, 8 नमूने जांच को भेजे
रामपुर। दिवाली पर्व पर खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान जारी है। शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम ने रामपुर और मिलक में कुल 6 प्रतिष्ठानों से 8 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच को भेजे। शहर में एक दुकान पर 50 किलोग्राम रसगुल्ले दूषित पाए गए। जिनको नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य एवं जिला अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में सराय गेट पर स्थित मॉडल स्वीट्स से सफेद रसगुल्ला, दूध व दही का नमूना लिया। जांच दौरान दुकान पर 50 किलोग्राम सफेद रसगुल्ले दूषित मिले जिनको नष्ट कराया गया। रामलीला ग्राउंड पर मनोज अग्रवाल की दुकान से राइस ब्रान ऑयल का नमूना लिया गया। सराय गेट से हरी कश्यप के मिठाई कारखाने से छेना मिठाई और मैदा का नमूना लिया। वहीं पर बंटी की मिठाई की दुकान के कारखाने से मावा का नमूना लिया गया। मिलक में कुंवरपाल की दुकान से सरसों के तेल का नमूना लिया गया। यहां तेल के पीपे पर निर्माता कंपनी का नाम व पता अंकित नहीं मिला। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि जांच नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुशवाहा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रताप, शैलेंद्र सिंह, अजरा बी मौजूद रहे।